लखनऊ , उत्तर प्रदेश में योगी सरकार कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोष...
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।योगी आदित्यनाथ ने रविवार देर शाम को कोविड प्रबंधन के लिये गठित टीम–09 की बैठक में फैसला लेते हुए कहा कि कोरोना के कारण असमय काल–कवलित हुए लोगों के परिजनों के हित संरक्षण के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संवेदनशीलता के साथ अनेक प्रयास किये जा रहे हैं।इसी क्रम में कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगो के परिजनों को अब राहत/सहयोग स्वरूप 50‚000 रुपये की राशि भी प्रदान की जाएगी।उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी पात्र परिवार इस राहत राशि से वंचित न रहे। इस संबंध में विस्तृत गाइडलाइंस यथाशीघ्र जारी कर दिए जाएं।उन्होंनेे कहा कि राहत राशि वितरण के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिलों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाए।केन्द्र सरकार के दिशा–निर्देशों के अनुरूप राहत राशि प्रदान करने के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां कर ली जाएं। इसी के साथ योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 62.65 फीसदी लोगों ने वैश्विक महामारी कोविड–19 से बचाव के लिये टीके की कम से कम एक डोज लगवा ली है।एग्रेसिव ट्रेसिंग‚ टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के साथ–साथ तेज टीकाकरण की रणनीति कोविड से बचाव में अत्यंत कारगर रही है।जिसके लिए आप सब बधाई के पात्र हैं।उन्होंने कहा कि आज 42 जिलों में एक भी एक्टिव केस नहीं है‚जबकि 16 जिलों में एक–एक एक्टिव केस शेष हैं।